होली पर 5 मिनट में पहुंचेगी पुलिस: सेंसिटिव इलाकों में ड्रोन से निगरानी, हजार पुलिसकर्मी तैनात

रायपुर। होली पर्व के दौरान राजधानी रायपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और फुलप्रूफ सुरक्षा योजना तैयार की है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या विवाद की स्थिति में पुलिस महज पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचेगी। इसके लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, जो पल-पल की जानकारी सीधे कंट्रोल रूम तक भेजेंगे।

रायपुर कमिश्नरेट ने शहर को तीन सेक्टरों में विभाजित किया है, जिनकी निगरानी डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे। होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी पर रहेंगे। पुलिस का मुख्य फोकस शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइकर्स और तीन सवारी चलाने वालों पर रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में 60 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। यातायात विभाग के करीब 500 जवान प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर सीधे थाने भेजा जाएगा और चालक को पैदल घर लौटना होगा। इसके अलावा, ट्रिपल सवारी और खतरनाक ड्राइविंग पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की 150 सदस्यीय टीम सिविल ड्रेस में तैनात की गई है। यह टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई करेगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार की आड़ में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

Exit mobile version