पुलिस गाड़ी चालक पर महिलाओं को धमकाने और गाली-गलौज करने का आरोप

कोरबा। जिले के पंप हाउस कॉलोनी की महिलाओं ने CSWB चौकी के पेट्रोलिंग वाहन चालक राम कुमार प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। उनका कहना है कि राम कुमार खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमकाता, डराता और वसूली करता है। महिलाएं बता रही हैं कि वह झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है और गाली-गलौज करता है।

शिकायत में बताया गया है कि राम कुमार सीएसईबी पुलिस चौकी का पेट्रोलिंग वाहन चलाता है और पंप हाउस कॉलोनी में डर का माहौल बनाता है। सोमवार की दिवाली की रात भी महिलाओं ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। चौकी प्रभारी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को सूचित किया था।

शिकायतकर्ता शीतल ने कहा कि राम कुमार अक्सर लोगों को पुलिस केस में फंसाने की धमकी देता है और घर के बाहर आकर गंदी गालियां देता है। भरोसा बाई दीवान ने बताया कि राम की बहन उमा और उसका पति घर के बाहर आकर धमकी देते हैं कि “एक को फंसा दिया है, दूसरे लड़के को भी जल्दी फंसा देंगे, तुम लोगों को जीने नहीं देंगे।”

बस्ती की अन्य महिलाओं ने बताया कि दिवाली की रात करीब 11 बजे राम, उसकी मां और बहन पूरे बस्ती में घूम-घूमकर लोगों को गाली-गलौज करते हुए धमकियां दे रहे थे। उमा प्रजापति ने लोगों को केस में फंसाने की धमकी भी दी।

चौकी प्रभारी भीमसेन ने बताया कि मामले में मिली शिकायत की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं ने प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे गलत आचरण पर रोक लगाने की मांग की है। इस घटना ने बस्ती में खौफ का माहौल बना दिया है।

Exit mobile version