पीएम का असम दौरा: 5,450 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, हाईवे पर फाइटर जेट्स की लैंडिंग देखेंगे

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम दौरे पर रहेंगे, जहां वे करीब ₹5,450 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

दौरे की शुरुआत डिब्रूगढ़ के पास मोरान बाइपास स्थित इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) से होगी। प्रधानमंत्री का विमान इसी विशेष एयरस्ट्रिप पर उतरेगा।

उनकी मौजूदगी में राफेल और सुखोई लड़ाकू विमान हाईवे पर लैंडिंग और टेकऑफ का विशेष एरियल डेमो देंगे, जो लगभग 30 से 40 मिनट तक चलेगा।

मोरान एयरस्ट्रिप NH-127 के 4.4 किलोमीटर लंबे हिस्से पर विकसित की गई है। यह पूर्वोत्तर की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी है, जिसे युद्ध या आपात स्थिति में सैन्य और नागरिक विमानों के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। रणनीतिक रूप से संवेदनशील इस क्षेत्र में यह सुविधा सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री ब्रह्मपुत्र नदी पर बने 3,030 करोड़ की लागत वाले छह-लेन कुमार भास्कर वर्मा सेतु का भी उद्घाटन करेंगे। 1.24 किमी लंबा यह पुल गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ेगा, जिससे यात्रा समय घटकर लगभग सात मिनट रह जाएगा। भूकंपीय संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें बेस आइसोलेशन तकनीक और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है।

कामरूप जिले के अमिंगांव में पूर्वोत्तर के लिए नेशनल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है। 8.5 मेगावॉट क्षमता वाला यह केंद्र डिजिटल सेवाओं और डिजास्टर रिकवरी के लिए अहम होगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आईआईएम गुवाहाटी और पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे।

असम में विधानसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का तीसरा दौरा है। हाल ही में जारी मतदाता सूची और NRC-CAA जैसे मुद्दों के बीच यह दौरा विकास और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version