पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, कहा- आंतरिक सुरक्षा मजबूत करने में अहम भूमिका

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में अमित शाह की जनसेवा, नेतृत्व क्षमता और देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में उनके योगदान की सराहना की।

पीएम मोदी ने लिखा, “गृह मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे अपनी जनसेवा और मेहनती स्वभाव के लिए व्यापक रूप से सराहे जाते हैं। उन्होंने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और हर नागरिक को सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन देने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। ईश्वर से उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”

गृह मंत्री अमित शाह भारतीय राजनीति में संगठन क्षमता और रणनीतिक कौशल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, नक्सलवाद नियंत्रण, सीमा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री के संदेश को देशभर के नेताओं और नागरिकों ने भी साझा करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version