खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में निभाएं अहम भूमिका : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में खनिज विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और मैदानी अमले की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा होती है।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों से खनिज विभाग का कार्यबल मजबूत होगा और खनिज अन्वेषण व खनन गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए खनिज प्रशासन को प्रभावी बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, डायमंड, गोल्ड और लिथियम जैसे बहुमूल्य खनिजों से परिपूर्ण है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त खनि निरीक्षकों से पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की गई थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 अधिकारियों को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी से राज्य की खनिज संपदा के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Exit mobile version