छत्तीसगढ़ की 14 रियासतों का इतिहास एक छत के नीचे सहेजने की तैयारी

राजपरिवारों के महल, राजचिह्न, हथियार और दुर्लभ दस्तावेजों की दिखेगी झलक; ‘रियासत वीथिका’ बनाने की योजना पर मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की 14 पुरानी रियासतों का गौरवशाली इतिहास अब एक ही जगह देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार इन रियासतों की ऐतिहासिक धरोहरों, राजसी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए ‘रियासत वीथिका’ स्थापित करने की तैयारी कर रही है।

इसमें राजदरबार की परंपराओं से लेकर पुराने सिक्के, मुहरें, हथियार, पारंपरिक वेशभूषा और ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदर्शित किए जाएंगे। रायपुर में सोमवार को राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस योजना की कार्ययोजना साझा की गई। उनसे सुझाव भी लिए गए।

महलों से लेकर दुर्लभ धरोहरों तक की दिखेगी झलक

प्रस्तावित वीथिका में छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती रियासतों के इतिहास को व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। अभी इनसे जुड़ी कई महत्वपूर्ण धरोहरें राजमहलों, निजी संग्रहों, स्थानीय संग्रहालयों और अभिलेखागारों में रखी हुई हैं। योजना के तहत इनका दस्तावेजीकरण कर लोगों के सामने लाने की तैयारी है।

इस गैलरी में राजचिह्न, अस्त्र-शस्त्र, प्राचीन सिक्के, मुहरें और ऐतिहासिक दस्तावेजों के साथ रियासतों के तीज-त्योहारों और रीति-रिवाजों की जानकारी भी दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और पर्यटकों को प्रदेश के इतिहास को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

राजपरिवारों से लिए जा रहे सुझाव

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बैठक में प्रेजेंटेशन के जरिए योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीथिका के विकास में राजपरिवारों के सुझाव और मार्गदर्शन को महत्व दिया जाएगा। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो अलग-अलग रियासतों से ऐतिहासिक सामग्री और जानकारियां जुटाएगा।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य की ऐतिहासिक विरासत पर्यटन और संस्कृति के लिहाज से बेहद समृद्ध है। ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज पर्यटन और होमस्टे के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

बैठक में रायगढ़, सरगुजा, सारंगढ़, कवर्धा, छुईखदान, उदयपुर-धरमजयगढ़ और खैरागढ़ सहित विभिन्न राजपरिवारों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और पर्यटन को नया आकर्षण मिलेगा।

↑
Exit mobile version