दिल्ली। पटियाला के घूमन इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ नया मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पटियाला के आर्य समाज चौक निवासी और बैंक कर्मचारी अंकित सभरवाल अपनी पत्नी के साथ घूमन इलाके में प्रॉपर्टी डीलर के संग एक मकान देखने गए थे। जैसे ही प्रॉपर्टी डीलर ने मुख्य दरवाजा खोला, घर के भीतर पाल रहे पिटबुल कुत्ते ने अचानक बाहर आकर महिला पर हमला कर दिया और उसका पैर पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।
पति पर भी किया हमला
पत्नी को बचाते समय कुत्ते ने अंकित की पीठ और जांघ पर हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ता दोबारा उनकी पत्नी की ओर झपटा और उसकी बाजू को अपने मजबूत जबड़े में दबा लिया। दंपती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के 5 से 6 लोग डंडे और वाइपर लेकर मौके पर पहुंचे।
लोगों द्वारा करीब 40 से 50 डंडे मारे जाने के बाद कुत्ते की पकड़ ढीली पड़ी और वह वापस घर के अंदर भागा।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस में शिकायत
गंभीर अवस्था में दंपती को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों को महिला के हाथ की सर्जरी करनी पड़ी है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। वहीं अंकित की पीठ और पैरों में कई टांके आए हैं।
अंकित ने इस मामले में अनाज मंडी थाने में कुत्ते की मालकिन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला की हालत सुधरने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
