जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति को लेकर विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
तोकापाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंडवा में शुक्रवार सुबह एक हितग्राही ने ग्राम रोजगार सहायक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना से पंचायत परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत मंडवा में पदस्थ रोजगार सहायक जगदीश कश्यप सुबह करीब 10 बजे पंचायत भवन में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
इसी दौरान आवास योजना के हितग्राही सुखराम हाथ में धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उन पर हमला कर दिया। हमले में जगदीश कश्यप के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल कर्मचारी को डिमरापाल स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उन्हें गहरी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि आवास निर्माण में देरी को लेकर हितग्राही नाराज था। पंचायत स्तर पर योजना की समयसीमा और प्रक्रियात्मक देरी को लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बन चुकी थी।
इस घटना ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया है।
सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
घटना के बाद पंचायत कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
