पुंछ में मिला पाकिस्तानी मोर्टार शेल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दागे जाने की आशंका

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा एजेंसियों को एक संदिग्ध पाकिस्तानी मोर्टार शेल बरामद हुआ है। यह शेल पुलस्त्य नदी के किनारे मिला, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अधिकारियों का मानना है कि यह मोर्टार शेल हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान की ओर से दागा गया था और किसी कारणवश फटा नहीं।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक संदिग्ध वस्तु देखी और इसकी सूचना प्रशासन व सुरक्षा बलों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि वह एक मोर्टार शेल है, जो काफी समय से वहां पड़ा हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (बम स्कॉड) को बुलाया गया। टीम ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लिया और सावधानीपूर्वक मोर्टार शेल को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि यह शेल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा पार से दागा गया था। हालांकि इसकी पुष्टि तकनीकी जांच और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही हो सकेगी। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि शेल किस प्रकार का है और यह कितने समय से वहां पड़ा था।

गौरतलब है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कई बार गोलाबारी के दौरान दागे गए गोले और मोर्टार बिना फटे रह जाते हैं, जो बाद में स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस या सुरक्षा बलों को इसकी सूचना दें।

Exit mobile version