रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीपीएस स्कूल के पास धान से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही कार के ऊपर पलट गया। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसा विधानसभा थाना क्षेत्र में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक का लॉकिंग हुक या पट्टा अचानक टूट गया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह कार के ऊपर जा गिरा। ट्रक के पलटते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है। वहीं घायलों के नाम पद्मा और प्रवीण बताए गए हैं, जिनमें पद्मा भी बलौदाबाजार की रहने वाली है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
