रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के समग्र विकास के लिए तैयार ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खात्मे में मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया और कहा कि अब बस्तर शांति के बाद विकास के नए चरण में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रोडमैप 2.0 के तहत एग्रो और एग्रो-फॉरेस्ट सेक्टर, सिंचाई विस्तार, पर्यटन विकास और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री ने ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के सफल क्रियान्वयन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत 93 प्रतिशत गांवों में प्राथमिक स्कूल, 97 प्रतिशत में आंगनबाड़ी केंद्र और अधिकांश गांव आयुष्मान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ चुके हैं। वहीं 89 प्रतिशत ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं और राशन व आधार कार्ड का कवरेज 95 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का विस्तार अब 10 जिलों तक किया जा रहा है। कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना बस्तर में 38 मार्गों पर संचालित है। वहीं बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। दंतेवाड़ा की तर्ज पर ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जबकि जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू हो चुका है। सिंचाई के लिए इंद्रावती नदी पर 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बस्तर आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद की छवि से निकलकर विकास और संभावनाओं का नया केंद्र बन रहा है।
