छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बेमेतरा जिले को 140.96 करोड़ की 47 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 27 कार्यों का भूमिपूजन और 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ प्रदेश के सर्वांगीण और समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन का उद्देश्य विकास कार्यों को तेज़ी से धरातल पर उतारना है। उन्होंने बताया कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्रों में व्यापक सुधार हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अमोरा में शिवनाथ नदी पर बैराज निर्माण, सिंघोरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना और बसनी में मिडिल स्कूल प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों को आत्मनिर्भर और किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है और 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह सहायता दी जा रही है तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों से ₹5500 प्रति बोरा की दर से खरीदी की जा रही है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद विजय बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

Exit mobile version