छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट,रायपुर-दुर्ग-बिलासपुर में 60 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले तीन दिन मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के लिए 9 से 11 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दिनों हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। वहीं, बस्तर और सरगुजा संभाग में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश की ओर एक मजबूत बारिश का सिस्टम बना हुआ है, जो धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है। इसी कारण अगले तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहेगा। पिछले दो हफ्तों से छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है, जिससे तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया था। इस समय प्रदेश का अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। हालांकि अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से स्थिर रहने की संभावना है।

क्या होता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस

वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ एक तरह का तूफान होता है जो कैस्पियन सागर या भूमध्य सागर से उठता है। यह ठंडी हवाएं अपने साथ नमी लेकर आती हैं और भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश और ठंडक का कारण बनती हैं। यह सिस्टम ईरान, इराक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होते हुए भारत में प्रवेश करता है और मैदानी इलाकों में असर दिखाता है। लोगों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और संभावित बारिश को देखते हुए सतर्क रहें।

Exit mobile version