आज विपक्ष करेगा CEC के खिलाफ ‘जन महाभियोग’, कल रामलीला मैदान में मार्च

बारिश के कारण एक दिन टला कार्यक्रम; राहुल गांधी का आरोप- यूपी-बिहार समेत कई राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा

दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने विरोध तेज कर दिया है। गठबंधन शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा।

इसके अगले दिन रविवार को विपक्षी दल रामलीला मैदान की ओर मार्च निकालेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों से प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आ रहे लोगों को रोका जा रहा है।

‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम शनिवार दोपहर 3:30 बजे दिल्ली स्थित खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर होगा। यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को आयोजित होना था, लेकिन दिल्ली में बारिश के कारण इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया था।

राहुल बोले- लोकतंत्र और वोट के अधिकार की लड़ाई

राहुल गांधी ने रविवार को होने वाले मार्च में राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और आम नागरिकों से भी शामिल होने की अपील की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।

राहुल के मुताबिक, दोनों कार्यक्रम लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।

यूपी-बिहार समेत 7 राज्यों का जिक्र

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष की रैली में लोगों की भागीदारी रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से दिल्ली आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोका जा रहा है।

राहुल का दावा- लाखों मतदाताओं के वोट छीने गए

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लाखों लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया और उनके वोट चोरी हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लोगों में नाराजगी है, जो रविवार की रैली में सामने आएगी। राहुल ने भाजपा नेतृत्व के साथ उद्योगपति गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी पर भी कथित चुनावी अनियमितताओं से लाभ उठाने का आरोप लगाया है।

विपक्ष इन मुद्दों को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन की तैयारी में है। रविवार को रामलीला मैदान की ओर होने वाले मार्च में गठबंधन अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करेगा।

↑
Exit mobile version