हनुमान जयंती पर CM साय ने लॉन्च किए ‘रुद्र सेना’-‘रुद्र शक्ति’, सनातन संरक्षण का लिया संकल्प

रायपुर। रायपुर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘रुद्र सेना’ और ‘रुद्र शक्ति’ के पोस्टर का भव्य विमोचन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, विधायक पुरंदर मिश्रा, कोषाध्यक्ष राम गर्ग और अन्य पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। इस पहल को सनातन धर्म की रक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

‘रुद्र सेना’ और ‘रुद्र शक्ति’ का उद्देश्य मठ-मंदिरों के संरक्षण, जीर्णोद्धार तथा वेद-उपनिषदों की परंपरा को समाज में पुनर्स्थापित करना है। रुद्र सेना के माध्यम से युवकों को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रभाव से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, वहीं रुद्र शक्ति के जरिए युवतियों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त किया जाएगा।

इस अभियान के प्रेरणास्रोत दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर स्वामी राजीव लोचन दास हैं। संयोजक महंत सुरेंद्र दास ने कहा कि यह केवल संगठन नहीं, बल्कि सनातन के पुनर्जागरण का एक व्यापक आंदोलन है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़ने का आह्वान किया।

धर्म स्तंभ काउंसिल के सभापति डॉ. सौरव निर्वाणी ने बताया कि लक्ष्य लाखों युवाओं को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ना है। कार्यक्रम में डॉ. वर्णिका शर्मा, मोना सेन, अमर परवानी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल “संस्कृति, सेवा और संगठन” के माध्यम से एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।

Exit mobile version