मुख्यमंत्री से सतनाम पंथ के पदाधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में विधायक सम्पत अग्रवाल के नेतृत्व में सतनाम पंथ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 28 दिसंबर को परम पूज्य बाबा गुरुघासी दास की जयंती महोत्सव के अवसर पर महासमुंद जिले के ग्राम साजापाली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री साय ने सतनाम पंथ के पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूज्य बाबा गुरुघासी दास के विचार आज भी समाज को सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं। बाबा का संदेश केवल आध्यात्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक सुधार और मानवता के कल्याण से जुड़ा हुआ है, जो आज के समय में और भी प्रासंगिक हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरुघासी दास ने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को जागरूक करने का कार्य किया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सेवा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर सतनाम पंथ के विभिन्न पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री को जयंती महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी और कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सहयोग का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version