नई दिल्ली। सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बड़ा फैसला किया है। हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने कहा है कि अब राज्य के स्कूलों में छात्रों को सुबह गुड मॉर्निंग की जगह जय हिंद बोलना होगा। सरकार के इस फैसले का क्रियान्वयन 15 अगस्त 2024 से शुरू कर दिया जाएगा। आइए जानते हैं कि हरियाणा सरकार ने इस फैसले के पीछे क्या वजह बताई है।
क्यों लिया गया फैसला?
हरियाणा सरकार की ओर से जारी किए गए परिपत्र में कहा गया है कि इस स्वतंत्रता दिवस से सभी स्कूलों में गुड मॉर्निंग की जगह पर अब जय हिंद का प्रयोग किया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेश में कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों में ‘देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना उत्पन्न करना है। इस आदेश को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को भेज दिया गया है।