कांकेर में कुख्यात नक्सली चैनू उर्फ सन्नु अमलू गिरफ्तार

पखांजूर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में पुलिस ने एक विशेष सर्चिंग अभियान के दौरान कुख्यात नक्सली चैनू उर्फ सन्नु अमलू मट्टामि को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कई थानों में नक्सली गतिविधियों और अपराधों के मामले दर्ज हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चैनू ने वर्षों से आगजनी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मुठभेड़ों जैसी नक्सली गतिविधियों में भाग लिया है।

गिरफ्तारी गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ क्षेत्र में हुई। पुलिस और स्थानीय जवानों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाकर आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई। कांकेर पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। जांच में पता चला कि चैनू का नेटवर्क कई नक्सली संगठनों से जुड़ा था और वह क्षेत्र में आतंक फैलाने में सक्रिय था।

कांकेर एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला ने जवानों को हौसला देते हुए कहा कि पुलिस नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने सभी नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की और चेतावनी दी कि जो भी नक्सली आत्मसमर्पण नहीं करेगा, उसे सर्चिंग और ऑपरेशन का सामना करना पड़ेगा। एसपी ने विशेष रूप से उन लोगों को चेतावनी दी जो शहरी इलाकों से नक्सलियों को सहयोग, सामग्री या फंड मुहैया कराते हैं। ऐसे सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी नक्सलियों का समर्थन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने बताया कि पखांजूर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन और सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। जवानों को विशेष प्रशिक्षण और गाइडलाइन दी गई हैं ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह गिरफ्तारी नक्सलियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Exit mobile version