उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन कोल्ड वेव का अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के लिए ठंड और कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अन्य जिलों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना जताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इस दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, केवल बेहद जरूरी यात्रा करें और गर्म कपड़े पहनें।

मैदानी इलाकों की स्थिति पर नजर डालें तो दुर्ग में न्यूनतम तापमान 10°C से बढ़कर 15.2°C तक पहुंच गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान 13°C से बढ़कर करीब 16.8°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 31.4°C दुर्ग में और न्यूनतम 7.5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर में सात दिन पहले तापमान 6°C तक गिर गया था, जो नवंबर में पिछले दस वर्षों में सबसे कम दर्ज हुआ।

पेंड्रा इलाके के गांवों और कस्बों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। नवंबर महीने में छत्तीसगढ़ में आमतौर पर ठंड की शुरुआत होती है। मौसम विभाग के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार 2 नवंबर 1935 को अधिकतम तापमान 35.6°C, जबकि 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3°C दर्ज हुआ था।

बारिश के मामले में नवंबर का सबसे बड़ा रिकॉर्ड 1924 में 138.2 मिमी, जबकि 2 नवंबर 1930 को 24 घंटे में 70.4 मिमी वर्षा हुई थी।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में ठंड और कोल्ड वेव का प्रभाव बढ़ सकता है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version