गैंगरेप केस में नया मोड़: रेस्ट हाउस-होटल बुक करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 अरेस्ट

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग से कथित गैंगरेप मामले में पुलिस ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भिलाई सेक्टर-10 निवासी अमित वर्मा को उस आधार पर पकड़ा गया है कि रेस्ट हाउस और होटल के कमरे उसकी आईडी से बुक किए जाते थे। इससे पहले दो फरार आरोपियों बीएन पांडेय और संजय पंडित ने कोर्ट में सरेंडर किया था।

बताया जा रहा है कि बीएन पांडेय, जो दुर्ग के सांसद विजय बघेल के पूर्व पीए रहे हैं (हालांकि सांसद ने इसे नकारा है), और संजय पंडित लंबे समय से फरार थे। दोनों ने 13 फरवरी को दुर्ग कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। संजय पंडित पर आरोप है कि उसने नौकरी से निकलवाने का डर दिखाकर पीड़िता का शोषण किया। उसकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी थी।

पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 2018 से उसके साथ लगातार शोषण होता रहा। आरोप है कि पीडब्ल्यूडी से जुड़े कुछ लोगों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसे दबाव में रखा। रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में बुलाकर दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

जांच में सामने आया कि विभिन्न स्थानों—दुर्ग, कवर्धा और पाटन—के रेस्ट हाउसों में कमरे एक ही आईडी से बुक होते थे। इसी कड़ी में अमित वर्मा की भूमिका उजागर हुई।

अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है।

Exit mobile version