दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके निवास पर सौजन्य मुलाक़ात की। बैठक में बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, रक्षा क्षेत्र के विकास, पूरे प्रदेश में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन और नौसैनिक पोतों के नामकरण जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने बैठक में रक्षा मंत्री को बताया कि बिलासपुर में रक्षा मंत्रालय की भूमि उपलब्ध है, जिसे एयरपोर्ट विस्तार के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने प्रदेश में रक्षा क्षेत्र से संबंधित विकास कार्य शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ के युवा सेना में भर्ती होने के लिए उत्साहित और योग्य हैं, और पूरे प्रदेश में विशेष सेना भर्ती रैलियों का आयोजन होना चाहिए, ताकि युवाओं को अपने ही प्रदेश में देश सेवा का अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और नदियों की महत्ता पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि जब भी नौसैनिक पोतों को लॉन्च किया जाए, तो कुछ पोतों के नाम छत्तीसगढ़ की नदियों और क्षेत्रों के नाम पर रखे जाएँ, जैसे INS इंद्रावती, INS महानदी, INS बस्तर, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलेगा।
साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक नीति के तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को प्रोत्साहित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विज़न के अनुरूप है और इससे छत्तीसगढ़ में उच्च तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निजी निवेश के अवसर बढ़ेंगे।