मैनपाट। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सरगुजा जिले के मैनपाट में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बौद्ध परंपरा की जड़ें गहरी हैं और राज्य सरकार शांति, प्रेम और करुणा के रास्ते पर विकास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने तिब्बती समुदाय के आत्मीय स्वागत पर आभार जताया और भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि मैनपाट जैसे शांत और सुंदर स्थल पर यह प्रतिमा शांति और समावेशी संस्कृति की पहचान बनेगी।
विकास कार्यों की घोषणा की
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें 10 लाख रुपये सैला रिसॉर्ट से बौद्ध मंदिर तक सीसी रोड और 20 लाख रुपये मंदिर में शेड निर्माण के लिए स्वीकृत किए।
उन्होंने कहा कि मैनपाट में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना को प्रोत्साहित करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति में पर्यटन को विशेष स्थान दिया गया है।
दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस पर दी शुभकामनाए
मुख्यमंत्री साय दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन भगवान बुद्ध की करुणा, प्रेम और शांति के सिद्धांतों का सजीव प्रतीक है। आज की दुनिया के लिए उनका संदेश नई आशा और सकारात्मकता का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व भर के नेताओं ने दलाई लामा जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, जो यह दर्शाता है कि भगवान बुद्ध के विचारों का वैश्विक जीवन पर कितना गहरा प्रभाव है। इस मौके पर सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक रामकुमार टोप्पो, कलेक्टर विलास भोसकर सहित तिब्बती समुदाय के कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पौधरोपण भी किया।