रायपुर। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब नए विवादों में घिरती नजर आ रही है। युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही इस डिजिटल राजनीतिक पहल को लेकर अब भाजपा नेताओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा ने दावा किया है कि पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में बड़ी संख्या पाकिस्तान से जुड़ी हुई है।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पेज ने महज कुछ दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स जुटाकर सभी को चौंका दिया। दावा किया जा रहा है कि पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.5 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं, जो कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी ज्यादा हैं। इसी बीच भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर एक कथित ‘इनसाइट डेटा’ शेयर करते हुए इसे “पाकिस्तान जनता पार्टी” तक कह दिया।
भाजपा नेता तेजिंदर बग्गा द्वारा शेयर किए गए डेटा में दावा किया गया है कि CJP के करीब 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं। वहीं अमेरिका और बांग्लादेश से 14-14 प्रतिशत फॉलोअर्स बताए गए हैं। भारत से केवल 9 प्रतिशत फॉलोअर्स होने का दावा किया गया है। इसके अलावा यूके, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और यूएई से भी फॉलोअर्स जुड़े होने की बात कही गई है।
हालांकि इस डेटा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से भी इस दावे पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे युवाओं की नाराजगी और बेरोजगारी से उपजा डिजिटल आंदोलन बता रहे हैं, तो कुछ इसे महज सोशल मीडिया ट्रेंड करार दे रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक हो गया था, जिसके बाद नया अकाउंट “Cockroach Is Back” नाम से बनाया गया। वहीं पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लगातार इसे युवाओं की आवाज बताते रहे हैं। अब पाकिस्तान कनेक्शन के दावों के बाद यह डिजिटल संगठन और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
