हत्या में यूपी और दुष्कर्म में राजस्थान सबसे आगे
दिल्ली। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) ने मंगलवार को वर्ष 2023 की अपराध रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में कुल 62.41 लाख अपराध दर्ज हुए, जो 2022 की तुलना में 7.2% अधिक हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज हुई है। महिलाओं पर 4.48 लाख अपराध दर्ज हुए, जो पिछले 10 वर्षों में सबसे ज्यादा हैं। इनमें सबसे अधिक मामले पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता, अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े रहे।
दुष्कर्म के 29,670 मामले दर्ज हुए, जिनमें राजस्थान 5,078 मामलों के साथ पहले और उत्तर प्रदेश 3,516 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दिल्ली में भी 1,094 मामले सामने आए। हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश 3,206 मामलों के साथ शीर्ष पर रहा। वहीं, बच्चों पर अपराधों में मध्य प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां अकेले 22,393 केस दर्ज हुए।
देशभर में साइबर अपराध के मामलों में 31% वृद्धि हुई और 86,420 केस दर्ज किए गए। इनमें ऑनलाइन धोखाधड़ी और यौन शोषण प्रमुख रहे। साइबर अपराध में मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद सबसे प्रभावित शहर रहे। आत्महत्या के मामलों में 1.71 लाख लोगों ने जान दी, जिनमें से 10,700 किसान और कृषि मजदूर शामिल हैं। इसमें महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 38.5% और कर्नाटक की 22.5% रही।
रिपोर्ट में नकली नोटों की जब्ती का भी उल्लेख है। देशभर में 3.51 लाख नकली नोट जब्त किए गए, जिनकी कीमत 16.86 करोड़ रुपए थी। दिल्ली, राजस्थान, असम और उत्तर प्रदेश नकली मुद्रा के मामलों में आगे रहे। कुल मिलाकर NCRB रिपोर्ट ने यह साफ किया कि महिलाओं, बच्चों और किसानों से जुड़े अपराधों में इजाफा हुआ है, जबकि गंभीर अपराधों में कमी देखने को मिली।