नौसेना ने सोमाली समुद्री लुटेरों से ईरानी जहाज छुड़ाया: 20 क्रू मेंबर्स को बचाया, 48 घंटे चला ऑपरेशन; राजनाथ बोले- भारत की समुद्री ताकत का प्रमाण

दिल्ली। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को छुड़ा लिया। इस अभियान में जहाज पर सवार सभी 20 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। मुंबई से 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर चलाया गया यह ऑपरेशन करीब 48 घंटे तक चला। इसमें INS कोलकाता ने अहम भूमिका निभाई, जबकि भारतीय वायुसेना की भी मदद ली गई।

जानकारी के मुताबिक, 12 हथियारबंद सोमाली समुद्री लुटेरों ने गुरुवार को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास जहाज का अपहरण कर लिया था। लुटेरों ने जहाज के सभी 20 चालक दल के सदस्यों को बंधक बना लिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। सोमवार को ऑपरेशन पूरा होने के साथ ही जहाज और उसके सभी क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

राजनाथ सिंह ने नौसेना को दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल अभियान के लिए भारतीय नौसेना की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जहाज अजिनी के सभी 20 क्रू सदस्यों को बचाने के लिए नौसेना ने 48 घंटे तक सुनियोजित अभियान चलाया। इसे बेहद सावधानी और बेहतर तालमेल के साथ पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने एक बार फिर साबित किया है कि भारत के पास लोगों की जान बचाने, समुद्री सुरक्षा बनाए रखने और पूरे हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने की क्षमता और संकल्प है।

हिंद महासागर में सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध भारत

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत सुरक्षित समुद्र सुनिश्चित करने और मुक्त, खुले एवं सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को बनाए रखने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। यह अभियान क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और नौसेना की क्षमता का प्रमाण है।

↑
Exit mobile version