रायगढ़ में नवगुरुकुल का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने बालिकाओं को दिए लैपटॉप

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के खरसिया तहसील अंतर्गत ग्राम गढ़ उमरिया में नवगुरुकुल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने आधुनिक कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ मूल्य आधारित संस्कार प्रदान करें।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गणेशोत्सव, शिक्षक दिवस और चक्रधर समारोह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं और समाज में उनका सर्वोच्च सम्मान होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष रायगढ़ में प्रयास विद्यालय का उद्घाटन किया गया था और अब नवगुरुकुल की स्थापना इस शृंखला को आगे बढ़ाती है।

उन्होंने वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, सह-संस्थापक सुश्री निधि और टीम की सराहना करते हुए बालिकाओं को प्रगति के लिए शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दे रही है। नई औद्योगिक नीति से निजी क्षेत्र में भी अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने नवगुरुकुल द्वारा जशपुर की 150 बालिकाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की सराहना की।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छात्राओं को आत्मविश्वास, ऊर्जा और कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने नालंदा परिसर निर्माण कार्य और विकास योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बदलती तकनीक के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा दी। सह-संस्थापक सुश्री निधि ने संस्था की शिक्षा प्रक्रिया बताई और कहा कि लक्ष्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और इसे बालिकाओं के सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल बताया।

Exit mobile version