दिल्ली में पिछड़ा वर्ग महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन, सूरजपुर नपाध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े होंगी शामिल

दिल्ली। नई दिल्ली में 9 मार्च को पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित होगा। सम्मेलन सुबह 10:30 बजे इंदिरा भवन, कोटला मार्ग में होगा, जिसमें देशभर से महिला प्रतिनिधि भाग लेंगी।

इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष कुशुमलता राजवाड़े भी शामिल होंगी। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करना है। इस दौरान महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने और समाज में उनकी भूमिका को और सशक्त बनाने जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी मंथन किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से आई महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करेंगी और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सुझाव रखेंगी।

नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े ने बताया कि वह इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से सूरजपुर क्षेत्र की महिलाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी बराबर की भागीदारी मिलनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर कई प्रयास किए जा रहे हैं। नगर पालिका क्षेत्र में स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

इस सम्मेलन को पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के अधिकार, नेतृत्व और भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Exit mobile version