रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार 19 मई को मुंगेली जिला मुख्यालय में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने के लिए आधुनिक सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क और उन्नत पुलिस कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया। इस परियोजना की कुल लागत 33.15 लाख रुपये है। इसके तहत नगर के 17 प्रमुख चौक-चौराहों पर 62 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
इन सभी कैमरों को एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जहां से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। यह स्मार्ट कंट्रोल रूम पुलिस को घटनाओं पर त्वरित, सटीक और प्रभावी कार्रवाई करने में सहायता करेगा। उन्नत तकनीकों से लैस इस प्रणाली का उद्देश्य न केवल अपराध पर नियंत्रण पाना है, बल्कि ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल सुशासन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट टेक्नोलॉजी का उपयोग कानून-व्यवस्था की मजबूती के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल समेत अनेक अधिकारी उपस्थित थे।