आईटीआई-पॉलिटेक्निक में AI और मशीन लर्निंग के कोर्स होंगे शुरू, रोजगार पोर्टल को स्किल मार्केट बनाने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षित करने के लिए राज्य सरकार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मार्गदर्शन में विभाग ने चार संस्थाओं के साथ एमओयू की पहल की है। इसके जरिए तकनीकी प्रशिक्षण, सॉफ्ट स्किल और व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया जाएगा।
दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला 2026 के समापन अवसर पर इन पहलों की जानकारी दी गई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सहयोग से इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और उद्योगों में उपयोग होने वाले व्यावहारिक कौशल का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कंपनी की सीएसआर गतिविधियों के तहत होगा।
अडानी समूह के सहयोग से आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण मिलेगा। वहीं, नांदी फाउंडेशन सॉफ्ट स्किल, अंग्रेजी संवाद, साक्षात्कार की तैयारी और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दे रहा है। पिछले साल इस संस्था के माध्यम से छह हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया था। इस वर्ष भी विद्यार्थियों को 48 से 50 घंटे का प्रशिक्षण देने की योजना है। जंगल सफारी में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षण के लिए भी एमओयू की पहल की जा रही है।
पॉलिटेक्निक संस्थानों का होगा आधुनिकीकरण
प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया से मूल्यांकन कराया गया है। रोजगार मेले के समापन समारोह में इसकी रिपोर्ट जारी की गई। सुझावों के आधार पर संस्थानों के विकास और आधुनिकीकरण की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
AI और मशीन लर्निंग के कोर्स होंगे शुरू
आईटीआई और पॉलिटेक्निक में पुराने पाठ्यक्रमों की समीक्षा कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और आधुनिक तकनीक से जुड़े रोजगारोन्मुखी कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा डिजिटल रोजगार पोर्टल को स्किल मार्केट के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां उद्योगों की रिक्तियों और युवाओं की योग्यता-कौशल की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराने की योजना है। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन करने और कंपनियों को प्रशिक्षित अभ्यर्थी चुनने में मदद मिलेगी।
