पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने CM साय से की मुलाकात, एवरेस्ट फतह का संकल्प

रायपुर। छत्तीसगढ़ की उभरती पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमिता के साहस और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जांजगीर-चांपा की बेटी अमिता श्रीवास का हौसला पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि अमिता 9 अप्रैल को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना हो रही हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है।

अमिता श्रीवास इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने माउंट किलिमंजारो फतह कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था। उनके इस साहसिक कार्य ने उन्हें युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बना दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता का आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां किसी भी चुनौती को पार कर सकती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि अमिता अपने इस अभियान में जरूर सफल होंगी और देश का मान बढ़ाएंगी। अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से अमिता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि होगा, बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय बनेगा।

Exit mobile version