रायपुर। छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मकान निर्माण का काम तेजी से जारी है।
उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।
पहली कैबिनेट में 18 लाख आवासों का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत करने और उनका निर्माण पूरा कराने का संकल्प लिया गया था। पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया जा रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख मकान पूरे
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए गए। शर्मा के मुताबिक यह देश में सर्वाधिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि 2011 और 2018 की पात्रता सूची में शामिल सभी पात्र आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकान पूर्ण हो चुके हैं, जबकि करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं।
पुराने लंबित मकानों पर भी फोकस
सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए 11 लाख से अधिक आवासों में पुराने वित्तीय वर्षों में स्वीकृत मकान भी शामिल हैं। विभिन्न कारणों से लंबित इन आवासों के लिए राशि जारी कर निर्माण पूरा कराया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के करीब 48 हजार स्वीकृत आवासों में 20 हजार पूरे हो चुके हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 23 हजार आवास भी इस अभियान में शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को पक्की छत देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
