MP-UP में 14 दिन देरी से पहुंचेगा मानसून,बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बना

दिल्ली। 24 मई को देश में मानसून की एंट्री के बाद अब तक यह 17 राज्यों तक पहुंच चुका है और सामान्य से 33% अधिक बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को यह पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम होते हुए पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों में प्रवेश कर गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को यह बिहार और शेष पश्चिम बंगाल तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र (डिप्रेशन) सागर द्वीप से होते हुए बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। यह डिप्रेशन मानसून को उत्तर भारत की ओर बढ़ाने की बजाय विपरीत दिशा में खींचेगा, जिससे अगले दो-तीन दिनों में असर दिखना शुरू होगा। इससे मानसून की गति पर 7 से 10 दिनों का ब्रेक लग सकता है और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की प्रतीक्षा बढ़ जाएगी।

बारिश का असर राज्यों में दिखने लगा है। केरल के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। बिहार के कई जिलों में 31 मई तक भारी बारिश की चेतावनी है। महाराष्ट्र में अरब सागर का दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ा है, लेकिन बंगाल की खाड़ी का नया सिस्टम तटीय जिलों को प्रभावित कर सकता है। असम के कई जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version