दिल्ली। भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान, पंजाब और गुजरात से मानसून धीरे-धीरे लौट रहा है, वहीं मध्य प्रदेश में भी लौटते मानसून के चलते बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अगले 10 दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है और 30 सितंबर के बाद मानसून पूरी तरह से लौटने लगेगा।
बिहार में यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले एक हफ्ते तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने राज्यवासियों से सतर्क रहने और जल निकासी तथा नदियों के किनारे सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में बारिश से नदियां उफान पर हैं। लखीमपुर खीरी, बलिया, गोंडा, गोरखपुर, कासगंज, मथुरा और उन्नाव समेत आठ जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। लखीमपुर खीरी में 48 घंटे में आठ मकान बह गए और वहां के हालात गंभीर बने हुए हैं।
राजस्थान के दक्षिणी जिलों उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और झालावाड़ में हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई जिलों में अगले तीन दिन हल्की बारिश होगी, लेकिन 25-26 सितंबर से तेज बारिश के आसार हैं।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, सरगुजा, रायगढ़, बलौदा बाजार, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा सहित 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजनांदगांव में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 60 मिमी बारिश दर्ज हुई।
पंजाब में बठिंडा और फाजिल्का क्षेत्र में मानसून की वापसी धीमी रही। हिमाचल प्रदेश में बारिश कम होने के बाद टूरिस्ट फिर से पहाड़ों की ओर लौटने लगे हैं। हरियाणा में रातें ठंडी और दिन गर्म हैं।
मौसम विभाग ने गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में यलो अलर्ट जारी किया है।