दिल्ली। देशभर में मानसून अब रफ्तार पकड़ रहा है। सोमवार को यह मध्य प्रदेश के खरगोन और गुजरात तक पहुंच गया। इसके साथ ही महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून ने दस्तक दी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय हो जाएगा।
इस बीच देश के 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात और सौराष्ट्र में रेड अलर्ट है, जबकि MP, राजस्थान, ओडिशा और झारखंड समेत 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। राजस्थान में प्री-मानसून तेज हो गया है और 26 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को बिजली गिरने से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 19 लोगों की मौत हो गई। यूपी के 6 जिलों में 11, बिहार में 14 मौतें और MP व राजस्थान में 5 लोगों की जान चली गई।
मध्य प्रदेश में भोपाल से एंट्री करेगा मानसून
मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों में मानसून भोपाल और इंदौर पहुंचेगा, जबकि ग्वालियर-चंबल में इसकी एंट्री सबसे अंत में होगी। छत्तीसगढ़ में मानसून दुर्ग तक पहुंच चुका है और रायपुर में जल्द ही दस्तक देगा। वहीं, झारखंड में 17 से 20 जून के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में अभी मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन मौसम में बदलाव दिखने लगा है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना है। देश के कई हिस्सों में तेज बारिश के चलते सड़कें डूबीं, गाड़ियां फंसीं और बिजली गिरने से जनहानि हुई, जिससे मानसून की शुरुआत कई राज्यों में कहर बनकर आई है।