दिल्ली। देश के अधिकतर राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारी बारिश के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, वहीं पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के अनेक राज्यों में येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किए हैं।
पढ़े राज्यों के मौसम का हाल
- मध्य प्रदेश में 20 शहरों में भारी बारिश हुई है। मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में रेड अलर्ट जारी है। जबलपुर में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पानी में डूब गया। मंडला और डिंडोरी में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। टीकमगढ़, शहडोल, रीवा और सागर में भी जलभराव और नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
- राजस्थान में अब तक सामान्य से 137% अधिक वर्षा हो चुकी है। कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 26 जिलों में येलो अलर्ट है। सीकर और सवाई माधोपुर में तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है।
- हिमाचल प्रदेश में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। 14 पुल बह गए और 500 से अधिक सड़कें बंद हैं। मंडी, कांगड़ा, शिमला और चंबा में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अगले 5 दिनों तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है।
- उत्तर प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर 15 फीट बढ़ चुका है। रत्नेश्वर महादेव मंदिर डूब चुका है और 300 से ज्यादा चौकियां जलमग्न हो गई हैं। सहारनपुर और ललितपुर में नदियां उफान पर हैं।
- पंजाब में पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, रूपनगर, मोहाली और होशियारपुर में येलो अलर्ट है। अगले 48 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
- बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी है। नवादा में सबसे अधिक 58.4 मिमी बारिश हुई है। दक्षिण बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
- झारखंड में अगले 72 घंटे तक तेज बारिश की चेतावनी है। रांची सहित 7 जिलों में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट है।
- हरियाणा के 15 जिलों में येलो अलर्ट है। अब तक सामान्य से 27% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
- दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
- उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में येलो अलर्ट है। भूस्खलन और बादल फटने का खतरा भी बना हुआ है।
- छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान है। नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और बिजली गिरने की चेतावनी है।
- महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात में भी भारी बारिश के आसार हैं। महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी लगातार बारिश जारी है।
- केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट जारी है।