ओडिशा के नुआपाड़ा उपचुनाव में मंत्री गुरु खुशवंत करेंगे प्रचार, भाजपा प्रत्याशी जॉय ढोलकिया के पक्ष में देंगे ताकत

रायपुर। ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला चल रहा है। भाजपा से जॉय ढोलकिया, कांग्रेस से घासीराम माझी और बीजद से स्नेहांगिनी छुरिया मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित 40 भाजपा नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसी कड़ी में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज नुआपाड़ा पहुंचेंगे और भाजपा प्रत्याशी जॉय ढोलकिया के समर्थन में प्रचार करेंगे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है और नुआपाड़ा में भाजपा की ही जीत होगी।

मंत्री गुरु खुशवंत ने दिल्ली में कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान की बैठक को दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सब पहले से सेट है और परिवारवाद ही चलता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मूर्ख बनाने का काम कर रही है और कभी भी उनका सम्मान नहीं करती। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विकास के रास्ते पर आएं और जनता के हित में काम करें।

मंत्री ने पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को पीएम मोदी राज्योत्सव में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ आएंगे और यह अवसर प्रदेश के लोगों के लिए बहुत खुशी का होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री आज राज्योत्सव स्थल का जायजा भी लेंगे। मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के आने से राज्योत्सव में उत्साह और बढ़ जाएगा और लोगों का उत्सव में भारी सहभागिता रहेगी।

इस उपचुनाव में भाजपा की रणनीति मजबूत दिखाई दे रही है। स्टार प्रचारकों की भागीदारी और स्थानीय नेताओं के समर्थन से जॉय ढोलकिया के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। वहीं विपक्षी दलों पर भी फोकस रहेगा कि वे मतदाताओं को अपनी योजनाओं और विकास के एजेंडे के प्रति आकर्षित करें।

Exit mobile version