जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़खानी की घटना सामने आई है। 28 फरवरी को कोठली गांव में हुए धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कुछ लड़कों ने मंत्री की बेटी और उसकी सहेलियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
जब सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका, तो आरोपियों ने गार्ड से मारपीट की। केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने 2 मार्च को मुक्ताई नगर थाने में मामले की शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का पूरा विवरण
पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी को कोठली गांव में शोभा यात्रा हो रही थी, जिसमें मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उसकी सहेलियाँ भी शामिल थीं। जब कुछ लड़कों ने उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाना शुरू किया, तो सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका। इसके बाद लड़कों ने गार्ड से मारपीट शुरू कर दी।
रक्षा खडसे ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी थी और उनके साथ सुरक्षा गार्ड और स्टाफ था। जब उनकी बेटी और उसकी सहेलियों का पीछा किया गया, तो गार्ड ने रोकने की कोशिश की, लेकिन लड़कों ने उनका गलत तरीके से विरोध किया और 30-40 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
सख्त कार्रवाई की मांग
मंत्री ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस उपाधीक्षक से बात की है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।