रायगढ़ में बन रहा 91 करोड़ का मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: डिप्टी CM अरुण साव ने किया निरीक्षण, 18 खेलों की मिलेंगी सुविधाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित ग्राम लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया।

हाल ही में शुरू हुए इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

रायगढ़ में 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से करीब 34 एकड़ भूमि पर आधुनिक इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है।

इस परिसर में फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग पूल और इनडोर स्टेडियम सहित कुल 18 खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वर्तमान में प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम और पहुंच मार्ग के निर्माण का काम शुरू हो चुका है।

निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों सुनिश्चित हो सकें।

उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर को जिले में विभिन्न खेल संघों का गठन करने और खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग प्रदान करने पर जोर दिया।

अरुण साव ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना विकसित करना है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह छत्री और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। यह परियोजना भविष्य में जिले की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

Exit mobile version