मैकेनिक ने सुसाइड से पहले बनाया VIDEO, फिर लगाई फांसी; बोला- पुलिस धमका रही, रूम-पार्टनर लड़की संग भागा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। अशोक लीलैंड वर्कशॉप में मैकेनिक के तौर पर काम करने वाले 25 वर्षीय सनत कश्यप ने फांसी लगाने से पहले एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पुलिसिया प्रताड़ना को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। हालांकि, पुलिस जांच में एक हैरान करने वाला मोड़ सामने आया है।

वीडियो में छलका दर्द: “मैंने कुछ नहीं किया, फिर भी गालियां दीं”

सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में सनत ने रोते हुए कहा कि उसका अपने रूम पार्टनर धीरेंद्र के किसी लड़की के साथ भागने में कोई हाथ नहीं है। उसने आरोप लगाया कि जांजगीर-चांपा के पंतोरा थाने से पुलिस का फोन आया, जिसमें उसे गंदी गालियां दी गईं और थाने बुलाया गया। सनत ने कहा, “मैं बहुत टेंशन में हूं, थाने जाऊंगा तो पता नहीं मेरे साथ क्या होगा।” इस डर और मानसिक तनाव के कारण उसने मौत को गले लगा लिया।

पुलिस नहीं, लड़की का भाई बन गया था ‘फर्जी अफसर’

मामले की गहराई से जांच करने पर पता चला कि सनत को किसी असली पुलिसवाले ने नहीं, बल्कि धीरेंद्र के साथ भागी युवती के भाई सचिन खरे ने फोन किया था। सचिन ने अपने भाई के मोबाइल से सनत को कॉल किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर उसे बुरी तरह धमकाया। सचिन को शक था कि सनत को पता है कि उसका दोस्त धीरेंद्र और सचिन की बहन कहां छिपे हैं।

आरोपी गिरफ्तार, परिवार में मातम

पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में ले लिया है, जिसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (छद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज किया है। जांजगीर-चांपा के चोरभट्टी गांव का रहने वाला सनत चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक फर्जी कॉल और डर ने एक मासूम युवक की जान ले ली, जो महज अपने दोस्त के कृत्य के कारण ‘फर्जी पुलिस’ के निशाने पर आ गया था।

Exit mobile version