रायपुर की बिस्किट फैक्ट्री में देर रात भीषण आग, 4-5 करोड़ के नुकसान का अनुमान; घंटों बाद पाया गया काबू

रायपुर। रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मेटल पार्क में शुक्रवार देर रात एक बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। भारती फूड्स नामक फैक्ट्री में आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया और दूर-दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री परिसर में रखे ज्वलनशील सामान और पैकेजिंग सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री को खाली करा लिया गया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में फैक्ट्री की मशीनरी, कच्चा माल, तैयार बिस्किट उत्पाद और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। अधिकारियों का अनुमान है कि इस हादसे में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फैक्ट्री का संचालन भारती कोड़वानी द्वारा किया जाता है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उरला थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Exit mobile version