रायपुर। राजधानी के खमतराई औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे अवैध कबाड़ सिंडिकेट के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कबाड़ी रुपेश के यार्ड पर अचानक छापा मारकर भारी मात्रा में चोरी का सरिया और पिग आयरन बरामद किया है। इस कार्रवाई ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के भीतर समन्वय पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिंडिकेट का ऐसे हुआ खुलासा
इस पूरे मामले की शुरुआत एक चोरी की शिकायत से हुई। प्रार्थी चंदन कुमार सिंह ने मंदिर हसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ट्रेलर नंबर CG 04 JC 6215 के ड्राइवर ने करीब 6.90 लाख रुपये का सरिया पार कर दिया है। तफ्तीश के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि चोरी का यह माल खमतराई इलाके में रुपेश नामक कबाड़ी के यार्ड में खपाया गया है। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस की टीम ने खमतराई स्थित यार्ड की घेराबंदी कर वहां दबिश दी।
बरामदगी और रडार पर आरोपी
पुलिस ने मौके से चोरी का सरिया, पिग आयरन और तौलने वाला कांटा जब्त किया है। फिलहाल ट्रेलर ड्राइवर और कबाड़ी रुपेश पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि यह एक संगठित गिरोह है जो फैक्ट्रियों से निकलने वाले लोहे और सरिये की हेराफेरी कर अवैध यार्डों में खपाता है।
स्थानीय पुलिस और अफसरों को नहीं थी खबर
हैरानी की बात यह रही कि जब मंदिर हसौद पुलिस की टीम खमतराई (जो कि दूसरे थाना क्षेत्र में आता है) में रेड मार रही थी, तो स्थानीय थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं थी। मामला मीडिया में आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अनभिज्ञता जाहिर की, हालांकि बाद में रायपुर ग्रामीण के अधिकारियों ने कार्रवाई की पुष्टि की।
खमतराई जैसे औद्योगिक हब में सरेआम चोरी का माल खरीदने वाले यार्ड संचालित हो रहे हैं और स्थानीय पुलिस को जानकारी न होना गंभीर विषय है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब इस पूरे सिंडिकेट और स्थानीय स्तर पर मिलीभगत की गहराई से जांच की जाएगी।
