कौशल उन्नयन से जोड़कर युवाओं को बनाएं आत्मनिर्भर : सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक कौशल उन्नयन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में छत्तीसगढ़ में स्थापित होने वाले नए उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री आज महानदी भवन मंत्रालय में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समय-समय पर जिलों में रोजगार मेले आयोजित किए जाएं, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।

उन्होंने आईटीआई और तकनीकी संस्थानों के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सीएसएसडीए और राज्य परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसायटी के एकीकरण के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अब तक 4.90 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 2.71 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है। बैठक में संबंधित विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version