हिमाचल के कुल्लू में बड़ा हादसा: खाई में गिरी ट्रैवलर बस, 15 पर्यटक सवार

मंडी/कुल्लू। कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में शनिवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोझा इलाके में यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 15 लोग सवार थे, जिन्हें पर्यटक बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सोझा और घ्यागी के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक जलोड़ी जोत घूमकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में मौसम खराब होने और सड़क फिसलन भरी होने के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सीधे खाई में गिर गई।

राहत-बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय विधायक सुरेन्द्र शौरी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। राहत एवं बचाव दल खाई में उतरकर यात्रियों को निकालने में जुटा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी गहराई में गिरी है, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि बचाव टीम लगातार प्रयास कर रही है और घायलों को जल्द से जल्द बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

मौसम बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में इन दिनों मौसम खराब बना हुआ है। बारिश और कोहरे के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से घायलों की स्थिति और हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

Exit mobile version