दिल्ली। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ सात मोर्चों के अध्यक्षों के नाम भी तय कर दिए गए हैं। अब संगठन की अगली बैठक में संभाग और जिलों के प्रभारियों के साथ-साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक और सहसंयोजकों पर भी फैसला होगा।
ज्यादातर पदों पर नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। गौरतलब है कि पांच संभागों में से तीन संभागों के प्रभारियों को पहले ही अन्य पदों पर नियुक्त किया जा चुका है, जिसके चलते अब नए प्रभारियों की नियुक्ति तय है। वहीं, जिलाध्यक्ष पहले ही बदले जा चुके हैं।
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में सात अहम मोर्चे शामिल हैं। इनके अध्यक्षों की नियुक्ति हमेशा कार्यकारिणी के ऐलान के साथ की जाती है। 13 अगस्त को किरण देव की नई टीम के गठन के साथ ही इन मोर्चों के अध्यक्षों का भी चयन हुआ, जिनमें अधिकतर नए चेहरों को अवसर दिया गया। चूंकि सभी मोर्चा अध्यक्षों का कार्यकाल पूरा हो चुका था, इसलिए बदलाव पहले से ही तय माना जा रहा था।
प्रदेश संगठन में करीब डेढ़ दर्जन प्रकोष्ठ हैं। अब इन प्रकोष्ठों के संयोजक और सहसंयोजक भी बदले जाएंगे। इन पदों के लिए संगठन की बैठक में चर्चा के बाद नामों का ऐलान होगा। संभाग प्रभारियों की बात करें तो दुर्ग संभाग के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी को क्रेडा का अध्यक्ष, बिलासपुर संभाग के प्रभारी अनुराग सिंहदेव को गृह निर्माण मंडल का अध्यक्ष और सरगुजा संभाग के प्रभारी राजा पांडेय को पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष बना दिया गया है।
वहीं रायपुर और बस्तर संभाग के प्रभारियों को अभी कोई नई जिम्मेदारी नहीं मिली है। संभावना है कि या तो नए प्रभारियों की नियुक्ति होगी या मौजूदा प्रभारियों को संभाग बदलकर जिम्मेदारी दी जाएगी। जिलों के स्तर पर भी फेरबदल तय है और कई नए चेहरे सामने आ सकते हैं।