रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। कर्मवीर सिंह इससे पहले झारखंड भाजपा में इसी जिम्मेदारी पर थे। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री (संगठन) रहे पवन साय को अब झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। उनका संगठन केंद्र रांची रहेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को देशभर में प्रदेश संगठन महामंत्रियों की नियुक्तियों की घोषणा की। इसके तहत छत्तीसगढ़ से जुड़े रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका संगठन केंद्र मुंबई रहेगा। वहीं, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड भाजपा में फिर से सह महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
पवन साय लंबे समय से छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। 2022 में उन्हें प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी मिली थी। 2023 के विधानसभा चुनाव तक संगठन के प्रमुख फैसलों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और चुनावी तैयारियों में उनकी भूमिका रही। अब पार्टी ने उन्हें झारखंड संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है।
अजय जामवाल ने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से संगठनात्मक काम शुरू किया था। वे मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर से जुड़े हैं। 2022 में उन्हें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का क्षेत्रीय संगठन महामंत्री बनाया गया था। 2023 के विधानसभा चुनाव में दोनों राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी संभाली थी। अब उन्हें महाराष्ट्र भाजपा का संगठन सौंपा गया है।
इसके अलावा शिवप्रकाश को मुंबई का राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री बनाया गया है। भाजपा के इस फेरबदल को कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के नए सिरे से बंटवारे के तौर पर देखा जा रहा है।
