रायपुर। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भोपाल से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट क्रमांक 6E 7302 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। फ्लाइट ने जैसे ही रनवे को टच किया, अचानक जोरदार झटका लगा और विमान फिर से हवा में उठ गया। इस अप्रत्याशित स्थिति से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर करीब 20 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाया। इसके बाद सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए सुरक्षित रफ लैंडिंग कराई। विमान के सुरक्षित उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, विमान के लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण लैंडिंग में दिक्कत हुई। हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन ने खराबी की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
यह फ्लाइट भोपाल से दोपहर 1:29 बजे रवाना हुई थी और निर्धारित समय पर दोपहर 2:40 बजे रायपुर पहुंची थी। लेकिन लैंडिंग के समय तकनीकी समस्या सामने आ गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए विमान की आगे की उड़ान को रद्द कर दिया। भोपाल जाने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के जरिए कनेक्टिंग फ्लाइट से गंतव्य तक पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि रायपुर एयरपोर्ट पर इससे पहले भी रफ लैंडिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2024 और जनवरी 2020 में भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने विमान सुरक्षा और तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े सुरक्षा उपायों की मांग की है।
