कटगोड़ी हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम: भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों ने किया सरेंडर, 8 गिरफ्तार

कोरिया। कोरिया जिले के बहुचर्चित कटगोड़ी तिहरे हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।

भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके दो साथियों की जिंदा जलाकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी के अलावा अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं।

इससे पहले पुलिस इस मामले में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि 16 जून की रात सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में हुए इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।

आरोप है कि फॉर्च्यूनर वाहन में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके साथियों को घेरकर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी।

इस घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घटना से एक दिन पहले हुए विवाद और मारपीट के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने मृतकों को गांव बुलाया था।

वहां पहुंचते ही उनकी गाड़ी को टिपर से क्षतिग्रस्त किया गया और फिर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version