एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: एअर इंडिया-इंडिगो के दो विमानों के विंग्स टकराए, 200 यात्री सुरक्षित

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे बड़ा हादसा टल गया, जब एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के विंग्स (पंख) आपस में टकरा गए।

घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर दोनों विमानों के यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने से पहले टैक्सीवे पर खड़ी थी।

इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E791, जो हैदराबाद से मुंबई पहुंची थी, लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए पार्किंग एरिया की ओर जा रही थी। टैक्सी के दौरान दोनों विमानों की विंग टिप एक-दूसरे के संपर्क में आ गईं और हल्की टक्कर हो गई।

बताया गया कि दोनों ही विमान Airbus A320 थे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दोनों विमानों को ऑपरेशन से हटाकर बे (पार्किंग एरिया) में भेज दिया गया, ताकि उनकी तकनीकी जांच की जा सके।

एअर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट AI2732 के विंग टिप को मामूली नुकसान हुआ है। विमान में सवार 200 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और फ्लाइट को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है। इंडिगो के विमान के विंग को भी नुकसान होने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही DGCA की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों एयरलाइंस ने नियामक एजेंसी को घटना की सूचना दे दी है।

अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version