अंबिकापुर। मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ करते हुए सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि यह आयोजन सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि इस मंच से स्थानीय कला, परंपरा और लोकजीवन की झलक देश-दुनिया तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने मैनपाट में पर्यटन विकास हेतु 1 करोड़ रुपये तथा सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने सरगुजा जिले में 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये की लागत के 109 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपये के 81 कार्यों का भूमिपूजन तथा 94 करोड़ 09 लाख 13 हजार रुपये के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय ने “ताशी शोपा” नृत्य से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैनपाट जैसे प्राकृतिक स्थल पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। विधायक राम कुमार टोप्पो और प्रबोध मिंज ने भी इसे क्षेत्रीय विकास और जनगौरव का महोत्सव बताया।
