GST में बदलाव से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति, कारोबारियों और आमजन को मिलेगा लाभ – मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में राज्य के विभिन्न व्यावसायिक संघों के प्रतिनिधियों ने भेंट कर हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी ने व्यापार जगत को नई दिशा दी है और पारदर्शिता के साथ कर संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली भारत को वैश्विक व्यापार में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) भारत की कर व्यवस्था में सबसे बड़ा सुधार है, जिसने उद्योग और व्यापार को मजबूती दी है। हालिया बदलावों से न केवल राज्य के उद्योगों और व्यापारियों को राहत मिली है बल्कि आमजन को भी प्रत्यक्ष लाभ हुआ है। जीएसटी की सरल और पारदर्शी प्रणाली से व्यापार में सुगमता बढ़ी है और उपभोक्ताओं पर कर का बोझ कम हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इससे राज्य सरकार को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ये सुधार आने वाले वर्षों में अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे और व्यापार का वातावरण और अधिक सकारात्मक होगा।

इस मौके पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योग और व्यापार जगत को हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

Exit mobile version